
रतलाम/इंदौर।
रतलाम में आयोजित 11वीं स्टेट पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में इंदौर के नैतिक सचिन श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीतकर पूरे इंदौर का नाम रोशन किया। नैतिक ने स्टेट स्तर पर इंदौर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, और नैतिक ने यह उपलब्धि अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से हासिल की। उनके इस प्रदर्शन से न केवल कोच बल्कि समस्त खेल समुदाय में हर्ष की लहर दौड़ गई
कोच ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नैतिक को विशेष बधाई दी और कहा कि इस तरह की जीत अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी खिलाड़ी इसी जोश और मेहनत से खेलते रहेंगे।

नैतिक के नगर आगमन पर इंदौरवासियों ने भव्य स्वागत किया। उनके पिता श्री सचिन श्रीवास्तव ने पूरे परिवार के साथ नैतिक का स्वागत करते हुए मिठाई बांटी और इस गौरवपूर्ण पल को सभी के साथ साझा किया। शहरवासियों ने भी अपने होनहार खिलाड़ी पर गर्व जताते हुए बधाइयों का सिलसिला जारी रखा।
इस अवसर पर नैतिक ने कहा, “मेरी इस जीत का श्रेय मेरे माता-पिता और मेरे कोच को जाता है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। मैं भविष्य में भी ऐसे ही प्रदर्शन कर अपने शहर और राज्य का नाम रोशन करता रहूंगा।”
